- एक स्टील प्लांट में बॉयलर फटने से 35 लोग घायल
- फैक्ट्री में हादसा तकरीबन 10:30 बजे हुआ
- ब्लास्ट होने से जलता हुआ कोयला कर्मचारियों के ऊपर आ गिरा
वर्धा 03 फरवरी (एजेंसी) ताज़ा प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के वर्धा में आज यानी कि बुधवार सुबह एक स्टील प्लांट में बॉयलर फटने से 35 लोग घायल हो गए हैं, जिनमे से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। फैक्ट्री में हादसा तकरीबन 10:30 बजे हुआ। फिलहाल हादसे की वजह साफ नहीं हो पाई है। सूत्रों की माने तो बॉयलर में ब्लास्ट होने से जलता हुआ कोयला कर्मचारियों के ऊपर आ गिरा। हादसे में सात मजदूर 50% से ज्यादा जले हैं। घटना का कवरेज करने गए मीडिया के लोगों के साथ भी हाथापाई और बदसलूकी की खबरें सामने आई हैं। उत्तम मेटालिक्स वर्धा शहर से लगभग 10 किमी दूर भुगांव गांव में स्थित है और यह पश्चिमी भारत में कोल्ड रोल्ड स्टील और जस्ता इस्पात की सबसे बड़ी निर्माण इकाई है।
वर्धा कलेक्टर विवेक भीमानवार के अनुसार दुर्घटना उत्तम गाल्वा स्टील्स लिमिटेड (उत्तम मेटालिक्स) नाम की कंपनी में हुई है। गंभीर रूप से घायलों को नागपुर जिला हॉस्पिटल के बर्न वार्ड में एडमिट करवाया गया है। मामूली रूप से घायल हुए लोगों को वर्धा जिला हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया है। कंपनी हॉट रोल्ड स्टील की खरीद के कारोबार में है। यह अल्ट्रा पतली चादरें बनाने में माहिर है। जनवरी की शुरुआत में, UK के Carval Investors ने 2 हजार करोड़ रुपए में इसका अधिग्रहण किया था।