- सेंसेक्स ने खुलते ही पहली बार 48 हजार के पार किया
- गेल के शेयर 2-2% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं
- लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी रिकॉर्ड 190 लाख करोड़ रुपए के पार
नई दिल्ली 04 जनवरी (एजेंसी) आज सेंसेक्स ने खुलते ही पहली बार 48 हजार के पार किया। इसके अलावा लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप भी रिकॉर्ड 190 लाख करोड़ रुपए के पार कर गया। हालांकि बाजार में शुरुआती कारोबार के बाद BSE सेंसेक्स 72 अंकों की गिरावट के साथ 47,796.02 पर कारोबार कर रहा है। इंडेक्स की गिरावट को बजाज फाइनेंस, रिलायंस, HDFC, इंडसइंड बैंक और भारती एयरटेल के शेयर लीड कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार सोमवार को एक्सचेंज पर 2,947 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हो रहा है, जिसमें से 1,691 शेयर यानी 57% शेयर बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। दूसरी ओर निफ्टी भी 4.60 अंकों की हल्की गिरावट के साथ 14,013.90 पर कारोबार कर रहा है। हालांकि इंडेक्स 14,114 तक भी छुआ। टाटा स्टील और हिंडाल्को के शेयरों में 3-3% की बढ़त दर्ज की जा रही है।
इसके अलावा टाटा मोटर्स, आयशर मोटर और गेल के शेयर भी 2-2% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। NSE पर तेजी को मेटल शेयर लीड कर रहे हैं। निफ्टी मेटल इंडेक्स में 2.43% की बढ़त है, जबकि निफ्टी बैंक इंडेक्स गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। आज एशियाई बाजारों में हॉन्गकॉन्ग का हेंगसेंग इंडेक्स 145 अंकों (0.53%) की बढ़त के साथ 27,376 पर कारोबार कर रहा है। इसके अलावा चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स भी 26 अंक ऊपर 3,499 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, जापान का निक्केई इंडेक्स 201 अंक (0.73%) नीचे 27,243 पर कारोबार कर रहा है।