- नई प्रतिमा लगाने और पार्क का सौंदर्यीकरण कराए जाने की मांग
- घटना के बाद गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया
- आरोपितों का पता लगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग
मेरठ, 08 फरवरी (एजेंसी)। नौचंदी थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा तोड़ने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करके नई प्रतिमा लगाने और पार्क का सौंदर्यीकरण कराए जाने की मांग की।
शास्त्रीनगर के ब्लॉक में रविवार देर रात शरारती तत्वों ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। घटना के बाद गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रात को भी जमकर हंगामा किया था। जिसके बाद फौरी तौर पर मूर्ति की मरम्मत करा दी गई थी।
सोमवार को कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भूतपूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा तोड़े जाने पर रोष जताया। उन्होंने इस मामले में आरोपितों का पता लगा उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
साथ ही खंडित प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा लगाए जाने और पार्क का सौंदर्यीकरण कराए जाने की मांग करते हुए डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर हरिकिशन अम्बेडकर, यासीन, अबरार आदि मौजूद थे।