- पूरे साल में मंगल ग्रह 7 बार, गुरु 3 बार, सूर्य 11 बार राशि परिवर्तन करेगा
- शुक्र 15 बार, बुध 19 बार और चंद्रमा हर सवा दो दिन में राशि परिवर्तन करेगा
- साल 2021 में राहु-केतु और शनि अपना राशि परिवर्तन नहीं करेंगे
नई दिल्ली 1 जनवरी 2021 (एजेंसी) ज्योतिष शास्त्र के अनुसार नववर्ष 2021 में कई ग्रह अपनी चाल बदलेंगे, जिसके चलते पूरे साल में मंगल ग्रह 7 बार, गुरु 3 बार, सूर्य 11 बार, शुक्र 15 बार, बुध 19 बार और चंद्रमा हर सवा दो दिन में राशि परिवर्तन करेगा, हालाँकि साल 2021 में राहु-केतु और शनि अपना राशि परिवर्तन नहीं करेंगे। ऐसे में नए साल पर शनि अपनी स्व राशि मकर, राहु वृषभ राशि में और केतु वृश्चिक राशि में ही बने रहेंगे। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार सूर्य से लेकर मंगल तक नए साल में अपनी राशि परिवर्तन करेंगे। ज्ञात हो कि ग्रहों के चाल बदलने से व्यक्ति को कई बार शुभ तो कई बार अशुभ परिणामों की प्राप्ति होती है।
बता दे कि न्याय के देवता कहे जाने वाले शनिदेव साल 2021 में कोई राशि परिवर्तन नहीं करेंगे, जिसके चलते इसी राशि में रहकर शनि पूरे चराचर जगत को प्रभावित करेंगे। शनिदेव को कर्म का कारक भी माना जाता है, शनि कर्म के अनुसार फल देते हैं। छाया ग्रह राहु वृषभ में और केतु वृश्चिक राशि में पूरे वर्ष भर रहेंगे। 23 सितंबर 2020 को राहु वृषभ राशि में और केतु वृश्चिक राशि में आए थे। राहु केतु के कारण पूरे विश्व में राजनीति चरम पर रहेगी और राजनीतिक उथल-पुथल चलती रहेगी। विश्व के कई राजनेताओं पर संकट छाया रहेगा।