पाकिस्तान में एक महिला जर्नलिस्ट की गोली मारकर हत्या
-
कुछ दिनों पूर्व बलूचिस्तान के तुरबत में ट्रांसफर किया गया था
27 वर्षीय शाहीन क्वेटा यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहीं थीं
इस्लामाबाद 6 सितम्बर (एजेंसी) बीती शाम पाकिस्तान में एक महिला जर्नलिस्ट की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। सूत्रों के अनुसार सरकारी टीवी चैनल पाकिस्तान टीवी में एंकर और रिपोर्टर शाहीना शाहीन का कुछ दिनों पूर्व बलूचिस्तान के तुरबत में ट्रांसफर किया गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहीन पहले इस्लामाबाद में एक निजी टीवी चैनल के लिए काम करतीं थीं, हालाँकि बाद में उनका चयन सरकारी टीवी चैनल में हो गया। इस्लाबाद में कुछ महीने रहने के बाद शाहीन का ट्रांसफर बलूचिस्तान के तुरबत में हो गया, जहाँ वो एक लोकल मैगजीन की एडिटर भी थीं। बता दे कि 27 वर्षीय शाहीन क्वेटा यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रहीं थीं। चौकाने वाली बात यह है कि इसी हफ्ते प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक इंटरव्यू में पाकिस्तान में पत्रकारों को सुरक्षित बताया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 1992 से अब तक पाकिस्तान में 61 पत्रकारों की हत्या की जा चुकी है। सूत्रों के अनुसार शाहीन की हत्या उनके घर में घुसकर की गई। स्थानीय पुलिस के अनुसार दो हमलावर उनके घर पहुंचे। दरवाजा खोलते ही शाहीन पर गोलियां चलाई गईं। शाहीन को पांच गोलियां लगीं। इस मामले में पुलिस ने आगे बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति शाहीन को कार में लेकर अस्पताल पहुंचा, लेकिन वो कुछ देर बाद गाड़ी वहीं छोड़कर फरार हो गया। इस मामले में पुलिस की जांच चल रही है।
वहीँ शाहीन के परिवार ने कुछ लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है, जिसमे शाहीन के पति का नाम भी शामिल है। बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता लियाकत शाहवानी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हम शाहीन का कत्ल करने वालों की तलाश कर रहे हैं और बहुत जल्द हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मीडिया वॉचडॉग फ्रीडम नेटवर्क ने भी घटना पर दुख जताते हुए कातिलों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।