-
अहिंसा का मंत्र सिखाने वाले महात्मा गांधी का 2 अक्टूबर को जन्म हुआ
-
गांधी जी के विचारों पर बॉलीवुड में कई फिल्में बनाई गई
-
फिल्मों के माध्यम से गांधी जी के विचारों को अजर- अमर कर दिया
नयी दिल्ली / मुंबई 2 अक्टूबर (एजेंसी) भारत ही नहीं अपितु पूरे विश्व को अहिंसा का मंत्र सिखाने वाले महात्मा गांधी का 2 अक्टूबर को जन्म हुआ था, इसी वजह से इस दिन को गांधी जयंती के रूप में मनाया जाता है। गांधी जी के आदर्शों और विचारों का प्रभाव आज भी जस की तस है । गांधी जी के विचारों पर ना सिर्फ किताबें लिखी गई हैं बल्कि बॉलीवुड में भी कई फिल्में बनाई गई हैं। इन फिल्मों के माध्यम से गांधी जी के विचारों को अजर- अमर कर दिया गया है। आज हम आपको कुछ ऐसी ही फ़िल्में बताने जा रहे है
गांधी (1982)
सन 1982 में आई फिल्म गाँधी, गाँधी जी को समर्पित पहली फिल्म थी। रिचर्ड एटनबरो के द्वारा निर्देशित की गई इस फिल्म में हॉलीवुड अभिनेता बेन किग्स्ले ने गांधी जी का किरदार निभाया था। एंग्लो-इंडियन प्रॉजेक्ट के तौर पर बनी इस फिल्म में बेन के अलावा अमरीश पुरी, ओम पुरी, रोहिणी हट्टंगणी और रजित कपूर जैसे कई दिग्गज कलाकार मौजूद थे। बता दे कि इस फिल्म को गांधीजी की सबसे बेहतरीन बायॉपिक के तौर पर जाना जाता है। बापू के सिद्धांतों और आदर्शों को बताती इन फिल्म ने आठ ऑस्कर के साथ ही बाफ्टा, ग्रैमी, गोल्डन ग्लोब और गोल्डन गिल्ड समेत 26 अवॉर्ड अपने नाम किए थे।
सरदार (1993)
साल 1993 में आई फिल्म सरदार, वैसे तो सरदार वल्ल्भभाई पटेल की जिंदगी पर बनाई गई थी, परन्तु इस फिल्म में गांधी जी के विचारों का पूर्णरूप से योगदान रहा। इतना ही नहीं फिल्म में गांधी जी और पटेल जी के संघर्ष को दिखाया गया है यानी कि फिल्म दो महान नेताओं की विचारधाराओं को बहुत अच्छे से समझाती है। इस फिल्म में सरदार पटेल का किरदार अभिनेता परेश रावल ने निभाया था, तो गांधी जी का किरदार अभिनेता अन्नू कपूर ने निभाया था।
द मेकिंग ऑफ महात्मा (1996)
फातिमा मीर की किताब अप्रेंटिसशिप ऑफ ए महात्मा पर बनाई गई फिल्म द मेकिंग ऑफ महात्मा को श्याम बेनेगल ने निर्देशित किया था। फिल्म में दिखाया गया था कि महात्मा गांधी को किस चीज ने महात्मा बनाया जो उनके नाम से भी जुड़ गया। फिल्म में गांधी का किरदार एक्टर रजित कपूर ने निभाया था।
लगे रहो मुन्नाभाई (2006)
साल 2006 में आई फिल्म लगे रहो मुन्नाभाई में महात्मा गाँधी के विचारों को अलग तरीके से लोगों तक पहुंचाया गया था। फिल्म में मुख्य भूमिका में अभिनेता संजय दत्त थे। बता दे कि फिल्म में संजय जब भी किसी कशमकश में होते थे तो उन्हें गांधी जी दिखाई देते थे और अपने विचार उन्हें बताकर उनकी परेशानियां दूर करते थे। फिल्म में गांधी जी का किरदार अभिनेता दिलीप प्रावलकर ने निभाया था।
गांधी, माई फादर (2007)
साल 2007 में आई फिल्म गांधी, माई फादर में उनके परिवार का उनके प्रति नजरिया दिखाया गया था। फिल्म में गांधी जी का किरदार अभिनेता दर्शन जरीवाला ने निभाया था तो वहीं उनके बेटे का किरदार अभिनेता अक्षय खन्ना ने निभाया था। फिल्म में बताया गया था कि गांधी जी के बेटे को ऐसा लगता था कि गांधी जी राष्ट्रपिता तो बन गए लेकिन उनके पिता का फर्ज नहीं निभा पाए।