अपना दल (एस) पार्टी ने शाहूजी महाराज की 146वीं जयंती मनायी
-
सबसे पहले छत्रपति शाहूजी महाराज ने 1902 में आरक्षण की शुरुआत की
कार्यकर्ताओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क का प्रयोग किया
मेरठ, 27 जून (एजेंसी)। छत्रपति शाहूजी महाराज की 146वीं जयंती के अवसर पर अपना दल (एस) जिला मेरठ के कार्यकर्ताओं ने शाहूजी महाराज के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते हुए इस दिन को मनाया। अपना दल (एस) पार्टी ने सुभाषनगर स्थित अपने कार्यालय पर ही आरक्षण के जनक छत्रपति शाहूजी महाराज की 146वीं जयंती को मनाया। हालाँकि इस दौरान कार्यकर्ताओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए मास्क का प्रयोग भी किया । इस मौके पर प्रदेश सचिव महिला मंच अलका पटेल, मुनीश पटेल, वीरेंद्र चैधरी, गुलवीर जाटव, वलीचन्द पाल, दीपा लोधी, इमरान राणा, अनिल पुरोहित, सरदार त्रिलोक सिंह, पंकज वर्मा, प्रणव गोयल, दीपक अग्रवाल, अनुराधा शर्मा, दया सैनी आदि उपस्थित रहे।
इस बारे में बात करते हुए जिलाध्यक्ष सुधीर पंवार ने बताया कि छत्रपति शाहूजी महाराज का जन्म 26 जून 1874 को हुआ था। वे कोल्हापुर के राजा 1894 में बने। अपने राज्य में सबसे पहले उन्होंने 1902 में आरक्षण की शुरुआत की थी, जो एक क्रांतिकारी कदम था। उन्होंने आगे बताया कि उस दौर में देश के अन्य हिस्सों में जातिवाद व भेदभाव अपनी चरम सीमा पर था। ज्यादातर लोग मानते थे कि किसी दलित के छू जाने से उनका धर्म भ्रष्ट हो जाएगा, इसलिये दलितों को मंदिरों में जाने से रोका जाता था। शाहूजी महाराज ने इस सामाजिक बुराई से निबटने के लिए अनेक कार्य किये। जिसमें कई बार इन्हें भारी विरोध का भी सामना करना पड़ा। लेकिन वह अपने रास्ते पर अडिग रहे और अपने काम को अंजाम देते रहे।