- ओखला पक्षी विहार की निगरानी के लिए टीम गठित
- विभाग के मुताबिक पक्षी विहार में सब कुछ ठीक ठाक, कोई पक्षी बीमार नहीं
- नोएडा के ओखला पक्षी विहार में बड़ी संख्या में आते हैं प्रवासी पक्षी
नोएडा, 07 जनवरी (एजेंसी)। ओखला पक्षी विहार में गुरुवार से कई स्थानों पर पर्यटक नहीं जा सकेंगे। बर्ड फ्लू से एहतियात के कारण यह रोक लगाई गई है। वहीं, पक्षी विहार में निगरानी के लिए एक टीम वन विभाग ने गठित कर दी है। विभाग के मुताबिक पक्षी विहार में सब कुछ ठीक है। कोई पक्षी बीमार या किसी भी पक्षी की मृत्यु नहीं हुई है।
ओखला पक्षी विहार में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी मौजूद हैं। पक्षी विहार प्रशासन के मुताबिक पक्षियों की संख्या 15 हजार से अधिक है। इनमें ब्लैक हेडेड गल, नॉर्दन शेवलर,ग्लॉसी आईबिस, ब्लू थ्रोट, कॉमन टील, ग्रेटर फ्लैमिंगों, यूरेशियन विजन, कॉमन कूट समेत अन्य प्रजातियों के पक्षी शामिल हैं। पक्षी विहार प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक करीब एक हफ्ते में ग्रेटर फ्लैमिंगों की संख्या बढ़ी है।
यह भी पढ़ें : आरटीआई का आया जवाब : 2018 से 2020 तक 460 नक्सली किए गए ढेर
फॉरेस्ट रेंजर अरविंद मिश्र ने बताया कि बर्ड फ्लू को लेकर काफी एहतियात बरती जा रही है। पक्षी विहार में एक टीम झील और पूरे परिसर की निगरानी कर रही है। यदि कोई पक्षी मृत या बीमार मिलता है तो टीम इसकी तुरंत सूचना देगी। मृत पक्षी का पोस्टमार्टम और उसके सीरम की जांच कराई जाएगी। वहीं बीमारी पक्षी की भी जांच होगी।
उन्होंने बताया कि ऐसे स्थान जहां ज्यादा पक्षी हैं, जैसे लकड़ी के पुल, झाड़ियों, वॉच टॉवर और उसके आसपास पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी गई है। यह रोक गुरुवार से प्रभावी होगी। लोग पक्षी विहार के भीतर की सड़क पर ही घूम सकते हैं और दूर से पक्षियों को देख सकते हैं। इसको लेकर स्टाफ को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें : साल 2021 में भी बना हुआ है कोरोना वायरस का खतरा
ओखला पक्षी विहार में हर साल सर्दियों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पक्षी पहुंचते हैं। ज्यादातर पक्षी उन स्थानों से आते हैं, जहां सर्दियों में अत्यधिक बर्फ पड़ती है। ज्यादा बर्फ पड़ने के कारण पक्षियों के रहने और खाने की समस्या होती है। ऐसे में वे उन स्थानों का रुख करते हैं, जहां मौसम उनके अनुकूल होता है। साथ ही प्रचुर मात्रा में भोजन उपलब्ध होता है।
जिले में बर्ड फ्लू का अभी तक कोई मामला नहीं है। कोई भी पक्षी बीमारी या उसकी मृत्यु नहीं हुई है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित कर दी गई है जो पक्षियों की स्थिति की पल पल जानकारी प्राप्त कर रही है और आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर रही है।
–प्रमोद श्रीवास्तव, जिला वन अधिकारी, गौतमबुद्ध नगर
यह भी पढ़ें : Sapna Choudhary New Hot Song 2021: नए साल में सपना चौधरी अपने पैंस को बना देंगी दीवाना